सरायकेला: सिंहभूम सांसद जोबा माझी शनिवार को गम्हरिया प्रखंड के दौरे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने प्रखंड कार्यालय में आदित्यपुर नगर निगम और अंचल प्रशासन के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. बैठक में आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं, विकास योजनाओं तथा अतिक्रमण हटाओ अभियान से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई.


समीक्षा बैठक के दौरान सांसद ने क्षेत्र में संचालित विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली. उन्होंने अधिकारियों से जलापूर्ति योजना, अबुआ आवास योजना और अन्य विकासात्मक कार्यक्रमों के क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया. साथ ही योजनाओं का लाभ आम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए.
बैठक में शहरी क्षेत्र के फुटपाथी दुकानदारों और छोटे व्यवसायियों के पुनर्वास का मुद्दा प्रमुखता से उठा. सांसद जोबा माझी ने कहा कि आदित्यपुर और गम्हरिया क्षेत्र में फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले लोगों को व्यवस्थित तरीके से बसाने की दिशा में प्रशासन काम कर रहा है. उन्होंने बताया कि इसके लिए एक ठोस रूपरेखा तैयार की जा चुकी है और जल्द ही बहुमंजिला मार्केट कॉम्प्लेक्स के निर्माण की दिशा में पहल शुरू की जाएगी.
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसी की आजीविका छीनना नहीं, बल्कि फुटपाथी दुकानदारों को स्थायी और बेहतर व्यापारिक सुविधा उपलब्ध कराना है. इससे सड़कें अतिक्रमण मुक्त होंगी और व्यवसायियों को भी सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्थान मिल सकेगा.
अतिक्रमण हटाओ अभियान को लेकर पूछे गए सवाल पर सांसद ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य प्रशासनिक कार्रवाई में हस्तक्षेप करना नहीं है. उन्होंने कहा कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई प्रशासन का विषय है, लेकिन यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि जिन लोगों की आजीविका प्रभावित हो रही है, उनके लिए वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध कराई जाए. उन्होंने कहा कि प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का साझा प्रयास होना चाहिए कि विकास और रोजगार दोनों के बीच संतुलन बना रहे.
सांसद ने कहा कि आदित्यपुर और गम्हरिया तेजी से विकसित हो रहे शहरी क्षेत्र हैं. ऐसे में यातायात व्यवस्था, बाजारों का सुव्यवस्थित संचालन और आधारभूत सुविधाओं का विस्तार समय की आवश्यकता है. उन्होंने अधिकारियों को जनहित से जुड़े मामलों के त्वरित निष्पादन और योजनाओं की नियमित निगरानी करने का भी निर्देश दिया.
बैठक में झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेता कालीपद सोरेन, डब्बा सोरेन, कृष्ण बास्के, कांग्रेस नेता जगदीश नारायण चौबे, आदित्यपुर नगर निगम के अपर नगर आयुक्त रवि प्रकाश, अंचल अधिकारी प्रवीण कुमार, सीडीपीओ दुर्गेश नंदिनी सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
गौरतलब है कि आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र और गम्हरिया में इन दिनों अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार चर्चा में है. ऐसे समय में सांसद जोबा माझी का यह दौरा और फुटपाथ दुकानदारों के पुनर्वास को लेकर दिया गया बयान राजनीतिक और प्रशासनिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

