रांची: झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) की भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर राज्य में एक ओर जहां छात्रों का आंदोलन तेज हो गया है, वहीं दूसरी ओर सीआईडी ने जांच की रफ्तार और बढ़ा दी है. बुधवार को राजधानी रांची में तीन बड़े घटनाक्रम सामने आए. फिरायालाल चौक पर हजारों छात्रों ने प्रदर्शन किया.जबकि सीआईडी ने पूर्व JPSC अध्यक्ष एल. ख्यांगते से लगातार दूसरे दिन भी लंबी पूछताछ की. साथ ही अभ्यर्थियों से जांच में सहयोग के लिए OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध कराने की अपील जारी की.



फिरायालाल चौक पर छात्रों का प्रदर्शन
जेपीएससी और जेएसएससी की परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, लंबित नियुक्तियों और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न मुद्दों को लेकर राज्य के विभिन्न जिलों से पहुंचे हजारों छात्र बुधवार को रांची के फिरायालाल चौक पर जुटे. प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता, समयबद्ध नियुक्ति और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई.
छात्रों ने कहा कि लगातार हो रही देरी और कथित अनियमितताओं से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हो रहा है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक पहल नहीं हुई तो आंदोलन और व्यापक किया जाएगा. प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए.
पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से दूसरे दिन भी पूछताछ
इधर, भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं की जांच कर रही सीआईडी ने JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. ख्यांगते से लगातार दूसरे दिन भी कई घंटे तक पूछताछ की. जांच अधिकारियों ने भर्ती प्रक्रिया, चयन संबंधी निर्णयों तथा उपलब्ध दस्तावेजों के आधार पर उनसे विस्तृत सवाल- जवाब किए. पूछताछ के बाद उन्हें जाने की अनुमति दे दी गई, लेकिन जांच आगे बढ़ाते हुए सीआईडी ने उन्हें 31 जुलाई को फिर से मुख्यालय में उपस्थित होने का निर्देश दिया है. इससे पहले भी सीआईडी उनसे लंबी पूछताछ कर चुकी है और जांच के क्रम में उनका पासपोर्ट जब्त किए जाने की जानकारी सामने आ चुकी है.
अभ्यर्थियों से मांगी गई OMR शीट
जांच को और मजबूत बनाने के लिए सीआईडी ने एक सार्वजनिक सूचना जारी कर झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रतियोगिता परीक्षा- 2025 (विज्ञापन संख्या 01/2026) की प्रारंभिक परीक्षा उत्तीर्ण अभ्यर्थियों से सहयोग की अपील की है.
सीआईडी ने अभ्यर्थियों से कहा है कि वे 30 जुलाई से 5 अगस्त 2026 के बीच पेपर-1 और पेपर-2 की OMR शीट की कार्बन कॉपी (पीडीएफ अथवा स्पष्ट फोटो) उपलब्ध कराएं. इसके लिए व्हाट्सएप नंबर 9934309058 और ई-मेल complainjpsc-cid@jhpolice.gov.in जारी किया गया है. जिन अभ्यर्थियों के पास OMR शीट की कार्बन कॉपी उपलब्ध नहीं है, उनसे केवल अपना रोल नंबर भेजने का अनुरोध किया गया है.
इन तीनों घटनाक्रमों से स्पष्ट है कि JPSC भर्ती विवाद अब दो समानांतर मोर्चों पर आगे बढ़ रहा है. एक ओर छात्र सड़क पर उतरकर पारदर्शी भर्ती और समयबद्ध नियुक्ति की मांग कर रहे हैं, तो दूसरी ओर सीआईडी दस्तावेजी साक्ष्य जुटाकर कथित अनियमितताओं की गहन जांच में जुटी हुई है.





