चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में शुक्रवार को अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) का आयोजन किया गया. बैठक में बड़ी संख्या में अभिभावकों ने भाग लिया. राज्य संपोषित उच्च +2 विद्यालय, बालिका मध्य विद्यालय, मॉडल स्कूल और बालक मध्य विद्यालय सहित कई स्कूलों में बच्चों की पढ़ाई, स्वास्थ्य, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई.


बैठक में शिक्षा विभाग की विशेष पहल ‘परख परीक्षा’ पर जोर दिया गया. शिक्षकों ने अभिभावकों को बताया कि बच्चों के बेहतर शैक्षणिक विकास के लिए विद्यालय में 75 प्रतिशत उपस्थिति अनिवार्य है. अभिभावकों से बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने की अपील की गई.
स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता कार्यक्रम के तहत अभिभावकों को बच्चों को मौसम जनित बीमारियों से बचाने के उपाय बताए गए. बच्चों को साफ और गुनगुना पानी पिलाने, मच्छरदानी के उपयोग, पूरे शरीर को ढंकने वाले कपड़े पहनाने और जमीन पर नहीं सुलाने की सलाह दी गई. साथ ही मलेरिया, फाइलेरिया और पोलियो जैसी बीमारियों से बचाव को लेकर जागरूक किया गया.
बैठक में आगामी स्वास्थ्य कार्यक्रमों की भी जानकारी दी गई. 15 जून को राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस, 28 जून को पल्स पोलियो अभियान, 14 जून को विश्व रक्तदान दिवस तथा प्रत्येक माह की 8 और 24 तारीख को स्वैच्छिक रक्तदान के लिए लोगों को प्रेरित किया गया. टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को सहयोग देने की अपील भी की गई.
बाल सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण से जुड़े विषय भी बैठक के केंद्र में रहे. अभिभावकों को बाल विवाह रोकने, बच्चों को गुड टच और बैड टच की जानकारी देने, घरेलू हिंसा के खिलाफ जागरूक रहने तथा पॉक्सो एक्ट की जानकारी दी गई. बालिकाओं की माहवारी स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की अपील की गई.
बैठक में सरकार की विभिन्न छात्र कल्याण योजनाओं की जानकारी भी साझा की गई. सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति, राष्ट्रीय साधन-सह-मेधा छात्रवृत्ति परीक्षा तथा उन्नत का पहिया योजना के तहत साइकिल वितरण पर चर्चा हुई.
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण नशा मुक्ति अभियान रहा. नशे के दुष्प्रभावों और “ब्लैक डॉट चैलेंज” को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस दौरान उपस्थित शिक्षकों, अभिभावकों और गणमान्य लोगों ने नशा मुक्त समाज बनाने की सामूहिक शपथ ली.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

