जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के धातकीडीह तालाब के समीप गुरुवार दोपहर एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां पारिवारिक कलह से परेशान एक बुजुर्ग ने कथित तौर पर खुद को आग लगाकर जीवन समाप्त करने का प्रयास किया. हालांकि मौके पर मौजूद एक युवक की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की तत्परता से उनकी जान बच गई. गंभीर रूप से झुलसे बुजुर्ग का अस्पताल में इलाज चल रहा है.


मिली जानकारी के अनुसार धातकीडीह ए ब्लॉक निवासी सत्तार खान दोपहर के समय पेट्रोल लेकर तालाब के पास पहुंचे. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक उन्होंने अपने शरीर पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं और घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई.
इसी दौरान तालाब के पास वाहन धोने का काम करने वाले मो. इस्लाम ने साहस और मानवता का परिचय देते हुए बिना अपनी जान की परवाह किए आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया. स्थानीय लोगों की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और झुलसे बुजुर्ग को सुरक्षित बाहर निकाला गया.
घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल सत्तार खान को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया. चिकित्सकों के अनुसार उनका शरीर काफी हद तक झुलस गया है और उनकी हालत गंभीर बनी हुई है.
स्थानीय लोगों ने बताया कि सत्तार खान लंबे समय से पारिवारिक विवाद और मानसिक तनाव से गुजर रहे थे. आशंका जताई जा रही है कि इसी तनाव के कारण उन्होंने यह कदम उठाया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए.
पुलिस ने घटनास्थल से जले हुए कपड़े और अन्य सामग्री बरामद की है. मामले की जांच शुरू कर दी गई है और आत्मदाह के प्रयास के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.
इस घटना के बीच मो. इस्लाम की बहादुरी और मानवीय संवेदनशीलता की इलाके में खूब चर्चा हो रही है. लोगों का कहना है कि यदि उन्होंने समय रहते हिम्मत नहीं दिखाई होती, तो यह घटना और भी दुखद हो सकती थी.
Edited By Sarita Mahato

