रांची: झारखंड सरकार ने राज्य सूचना आयोग को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है. कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक को झारखंड राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त नियुक्त किया गया है.


राज्यपाल की ओर से सूचना का अधिकार अधिनियम, 2005 की धारा 15(3) के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए यह नियुक्ति की गई है. इस संबंध में कार्मिक, प्रशासनिक सुधार तथा राजभाषा विभाग ने बुधवार को अधिसूचना जारी की.
जारी आदेश के अनुसार वरिष्ठ पत्रकार एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़े अनुज कुमार सिन्हा, तनुज खत्री, अमूल्य नीरज खलखो और शिवपूजन पाठक अब राज्य सूचना आयोग में सूचना आयुक्त के रूप में अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे. सूचना का अधिकार अधिनियम की धारा 16(3) के तहत इनकी नियुक्ति शपथ ग्रहण की तिथि से प्रभावी होगी.
अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि सूचना आयुक्तों का कार्यकाल तीन वर्ष अथवा 65 वर्ष की आयु पूर्ण होने तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा. लंबे समय से सूचना आयोग में रिक्त पदों को भरने की मांग उठ रही थी. ऐसे में चार नए सूचना आयुक्तों की नियुक्ति से आयोग के लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी आने की उम्मीद जताई जा रही है. माना जा रहा है कि इससे सूचना के अधिकार से जुड़े मामलों की सुनवाई और निस्तारण की प्रक्रिया अधिक प्रभावी हो सकेगी. झारखंड सरकार की ओर से जारी इस अधिसूचना के बाद प्रशासनिक और सामाजिक हलकों में इसकी व्यापक चर्चा हो रही है.
Edited By Sarita Mahato

