सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया. जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों, पंचायतों और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं.


उपायुक्त ने सभी आवेदकों से क्रमवार मुलाकात कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना और कई मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया. वहीं शेष मामलों के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए.
जनता दरबार में कोविड-19 से प्रभावित बच्चों को शिक्षा एवं स्पॉन्सरशिप योजना का लाभ दिलाने, सड़क मरम्मत, भूमि विवाद, धर्मांतरण संबंधी शिकायत, अतिक्रमण हटाने, अवैध वाहन पार्किंग, राशन कार्ड, पेंशन तथा अन्य जनहित से जुड़े मामलों के आवेदन प्राप्त हुए.
उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों की निष्पक्ष जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करें तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन करें. उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन आम लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान और पारदर्शी प्रशासनिक व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है.
Edited By Sarita Mahato

