सरायकेला: जिले के कांड्रा चेक पोस्ट पर मंगलवार को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के अनुपालन को लेकर सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया. यह अभियान उपायुक्त के निर्देश पर जिला ग्रामीण विकास अभिकरण (डीआरडीए) निदेशक सह जिला परिवहन पदाधिकारी अजय तिर्की के नेतृत्व में संचालित किया गया.


अभियान में सड़क सुरक्षा टीम और यातायात पुलिस ने संयुक्त रूप से बस, टैक्सी, निजी कार तथा विभिन्न व्यावसायिक वाहनों की जांच की. इस दौरान वाहन चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस, फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई. साथ ही सीट बेल्ट के उपयोग और मोटर वाहन अधिनियम के विभिन्न प्रावधानों के अनुपालन की भी पड़ताल की गई.

जांच के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करते हुए यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करने की अपील की गई. अधिकारियों ने ओवरलोडिंग, तेज रफ्तार, बिना वैध दस्तावेज वाहन परिचालन तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर नियमानुसार कार्रवाई की चेतावनी दी.

जिला परिवहन विभाग ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने, सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने और आम लोगों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से इस तरह के जांच एवं जागरूकता अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे.
Edited By Sarita Mahato

