चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चौका थाना क्षेत्र स्थित ऐतिहासिक जयदा मंदिर घाट पर सुवर्णरेखा नदी में डूबे जमशेदपुर निवासी 23 वर्षीय प्रेम कुमार उर्फ बल्लू का शव करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिया गया. युवक सोमवार शाम नदी में नहाने के दौरान गहरे पानी में चला गया था, जिसके बाद वह लापता हो गया था.


जानकारी के अनुसार, प्रेम कुमार अपने दोस्त के साथ जयदा मंदिर घूमने आया था. मंदिर दर्शन के बाद दोनों नदी घाट पहुंचे. प्रेम कुमार नदी में नहाने उतरा, जबकि उसका दोस्त किनारे पर खड़ा होकर मोबाइल से वीडियो और रील बना रहा था. इसी दौरान युवक गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते नदी की धारा में डूब गया.
घटना की सूचना मिलते ही चौका और चांडिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थानीय ग्रामीणों और गोताखोरों की मदद से खोजबीन शुरू की गई. हालांकि देर रात तक युवक का कोई पता नहीं चल सका.
मंगलवार को स्थानीय विधायक सविता महतो की पहल पर रांची से एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. विधायक स्वयं भी घटनास्थल पर मौजूद रहीं और परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की. उन्होंने प्रशासन को हरसंभव प्रयास कर युवक की तलाश तेज करने का निर्देश दिया.
एनडीआरएफ की टीम ने कई घंटों तक सुवर्णरेखा नदी में सर्च ऑपरेशन चलाया. आखिरकार करीब 24 घंटे बाद युवक का शव नदी से बरामद कर लिया गया. शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई.
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है. घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से नदी, तालाब और जलाशयों में सावधानी बरतने तथा गहरे पानी में जाने से बचने की अपील की है.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

