चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चिलगू के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर शनिवार सुबह बड़ा सड़क हादसा हो गया. इथनॉल से लदा एक टैंकर अनियंत्रित होकर स्विफ्ट कार को अपनी चपेट में लेने के बाद सड़क पर पलट गया. दुर्घटना के बाद टैंकर से इथनॉल का रिसाव शुरू हो गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए. इसी दौरान कुछ लोगों के टैंकर से रिस रहे इथनॉल को बर्तनों में भरने की बात भी सामने आई. सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई.
जानकारी के अनुसार, स्विफ्ट कार में तीन लोग सवार थे और वे रांची एयरपोर्ट की ओर जा रहे थे. टैंकर की टक्कर से कार क्षतिग्रस्त हो गई तथा उसमें सवार तीनों लोग घायल हो गए. हालांकि, राहत की बात यह रही कि घायलों की स्थिति सामान्य बताई जा रही है.
सिंगल लेन पर बिगड़ा संतुलन, टैंकर पलटा
टैंकर चालक के अनुसार, वह भुवनेश्वर की ओर जा रहा था. चिलगू के पास सड़क सिंगल लेन होने के कारण दोनों दिशाओं से वाहन एक साथ आ गए. इसी दौरान टैंकर का संतुलन बिगड़ गया और उसने स्विफ्ट कार को टक्कर मार दी. टक्कर के बाद टैंकर सड़क पर पलट गया.

दुर्घटना के बाद टैंकर से इथनॉल का रिसाव होने लगा. ज्वलनशील पदार्थ होने के कारण मौके पर मौजूद लोगों में भी दहशत का माहौल बन गया. पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया.
एनएच-33 पर लगा हल्का जाम
हादसे के कारण कुछ समय के लिए एनएच-33 पर यातायात प्रभावित हुआ और हल्का जाम लग गया. हालांकि पुलिस और स्थानीय प्रशासन की तत्परता से वाहनों की आवाजाही धीरे-धीरे सामान्य होती रही. सड़क पूरी तरह बाधित नहीं हुई.
फिलहाल पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है. साथ ही घायलों की स्थिति और टैंकर से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है. इथनॉल रिसाव के कारण सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं.

