हजारीबाग: पुलिस ने साधु का वेश धारण कर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले तीन शातिर अपराधियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक महिला से ठगा गया सोने का जेवर भी बरामद किया है. गिरफ्तार सभी आरोपी बिहार के रोहतास जिले के निवासी बताए जा रहे हैं.


जानकारी के अनुसार, आरोपियों ने साधु बनकर एक महिला को धार्मिक बातों और आस्था के नाम पर अपने झांसे में लिया. इसके बाद चालाकी से महिला के सोने के आभूषण ठगकर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू कर दी.
तकनीकी साक्ष्यों और गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ के दौरान आरोपियों ने ठगी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली. पुलिस ने उनके पास से महिला के ठगे गए सोने के जेवर भी बरामद कर लिए हैं.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि कहीं ये गिरोह अन्य जिलों में भी इसी तरह की घटनाओं को अंजाम तो नहीं देता था.
हजारीबाग पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साधु, तांत्रिक या किसी भी अनजान व्यक्ति के झांसे में आकर अपने कीमती सामान या आभूषण न सौंपें. किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके.
Edited By Sarita Mahato

