सरायकेला: उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय सभागार में समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बैठक में आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यप्रणाली, पोषण सेवाएं, प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल एवं शिक्षा (ECCE) गतिविधियों तथा विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई.


उपायुक्त ने सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (CDPO) और महिला पर्यवेक्षिकाओं (LS) को नियमित रूप से क्षेत्र भ्रमण कर आंगनबाड़ी केंद्रों का निरीक्षण करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि केंद्रों में बच्चों को मिलने वाले पूरक पोषाहार, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय और शिक्षा गतिविधियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए.
बैठक में कुपोषित और अतिकुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार पोषण पुनर्वास केंद्र (MTC) में भर्ती कराने तथा गर्भवती महिलाओं और धात्री माताओं को गुणवत्तापूर्ण सेवाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया. सभी आंगनबाड़ी केंद्रों में नियमित वीएचएसएनडी (VHSND) आयोजन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया गया.
उपायुक्त ने बच्चों को खेल-खेल में शिक्षा देने, ECCE गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों में सुरक्षित एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने पर बल दिया. निजी भवनों में संचालित केंद्रों के लिए स्थायी भवन निर्माण हेतु भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव भेजने तथा जर्जर भवनों की सूची तैयार करने का निर्देश भी दिया गया.
सावित्रीबाई फुले किशोरी समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन योजना और प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन और पात्र लाभुकों को शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने का निर्देश दिया.
बैठक में लाभुकों के डिजिटल सत्यापन, एफआरएस (FRS) आधारित प्रमाणीकरण, अपार आईडी (APAAR ID) और आभा आईडी (ABHA ID) निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई. उपायुक्त ने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने और लंबित मामलों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया.
उन्होंने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, नियमित अनुश्रवण और जवाबदेही के साथ कार्य करने का निर्देश देते हुए कहा कि कोई भी पात्र लाभुक सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए.
बैठक में उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर, जिला शिक्षा पदाधिकारी कैलाश मिश्रा, सभी सीडीपीओ, महिला पर्यवेक्षिकाएं एवं विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे.
Edited By Sarita Mahato

