सरायकेला: पुलिस ने गुम हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देश पर चलाए जा रहे प्रोजेक्ट ड्राइव के तहत सरायकेला थाना पुलिस ने सीईआईआर पोर्टल की मदद से 7 गुम मोबाइल फोन ट्रैक कर बरामद किए.


आवश्यक सत्यापन प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए गए. अपना खोया मोबाइल वापस पाकर लोगों ने सरायकेला पुलिस का आभार जताया और पुलिस की तत्परता की सराहना की.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने बताया कि गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है. उन्होंने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने पर तुरंत थाना में सूचना दें और सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि बरामदगी में आसानी हो सके.
पुलिस की इस कार्रवाई से आम लोगों का भरोसा और मजबूत हुआ है. तकनीक और त्वरित कार्रवाई के जरिए सरायकेला पुलिस लगातार लोगों की खोई संपत्ति वापस दिलाने में सफल हो रही है.
रिपोर्ट: प्रमोद सिंह

