सरायकेला: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा जनजागरूकता अभियान चलाकर ग्रामीणों को विभिन्न सामाजिक और कानूनी विषयों की जानकारी दी गई. पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सोमवार को आसनबानी पंचायत सचिवालय में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया.


कार्यक्रम में स्थानीय मुखिया, ग्राम प्रधान, पंचायत प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए. इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने बाल विवाह, डायन प्रथा, बच्चा चोरी की अफवाह, साइबर अपराध, डायल-112 सेवा, नशा मुक्ति अभियान तथा सड़क सुरक्षा नियमों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी.

पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध सूचना मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें. साइबर ठगी से बचाव के उपाय भी बताए गए तथा ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी गई.
अधिकारियों ने कहा कि समाज से कुरीतियों को समाप्त करने और अपराध मुक्त वातावरण बनाने में आम लोगों की भागीदारी बेहद जरूरी है. साथ ही सड़क सुरक्षा नियमों का पालन कर सुरक्षित यातायात सुनिश्चित करने का संदेश भी दिया गया. पुलिस के इस जागरूकता अभियान को ग्रामीणों ने सराहा और भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की.

