
सरायकेला: झारखंड की छात्राओं के लिए नर्सिंग के क्षेत्र में करियर बनाने का सुनहरा अवसर सामने आया है. झारखंड सरकार के अनुसूचित जनजाति, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सहयोग से राजनगर में संचालित प्रेझा फाउंडेशन ने JCECEB-2026 नर्सिंग प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क आवासीय कोचिंग शुरू करने की घोषणा की है. इस पहल का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं सामाजिक रूप से वंचित वर्ग की प्रतिभाशाली छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देकर उन्हें नर्सिंग शिक्षा और रोजगार से जोड़ना है.


प्रेझा फाउंडेशन द्वारा संचालित एएनएम नर्सिंग कॉलेज में छात्राओं को अनुभवी शिक्षकों के मार्गदर्शन में प्रवेश परीक्षा की व्यवस्थित तैयारी कराई जाएगी. कोचिंग के दौरान विषयवार कक्षाएं, नियमित टेस्ट, अध्ययन सामग्री, मार्गदर्शन और आवासीय सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि छात्राएं प्रतिस्पर्धी परीक्षा में बेहतर प्रदर्शन कर सकें.
फाउंडेशन ने विभिन्न स्वास्थ्य संस्थानों एवं कॉर्पोरेट अस्पतालों के साथ समन्वय स्थापित किया है, जिससे प्रशिक्षण पूरा करने वाली छात्राओं को रोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें. संस्थान का उद्देश्य केवल परीक्षा में सफलता दिलाना ही नहीं, बल्कि छात्राओं को आत्मनिर्भर बनाकर स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में सम्मानजनक करियर उपलब्ध कराना भी है.
यह निःशुल्क आवासीय कोचिंग अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST), अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) एवं अल्पसंख्यक वर्ग की पात्र छात्राओं के लिए उपलब्ध है. इच्छुक अभ्यर्थी app.prejha.org पर ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं. अधिक जानकारी के लिए 9263006941 एवं 6204800180 पर संपर्क किया जा सकता है.
फाउंडेशन ने पात्र छात्राओं से समय रहते आवेदन करने की अपील करते हुए कहा है कि यह पहल राज्य की बेटियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास और सम्मानजनक रोजगार से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल





