जामताड़ा: जिला अंतर्गत नारायणपुर थाना क्षेत्र के लकोनिया मोड़ के समीप शनिवार सुबह तेज रफ्तार मोटरसाइकिल की चपेट में आने से सड़क किनारे टहल रहे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए. घायल की पहचान परीक्षित दत्त के रूप में हुई है. घटना उनके घर से महज 100 मीटर की दूरी पर हुई.


प्राप्त जानकारी के अनुसार, परीक्षित दत्त शनिवार सुबह अपने घर के पास सड़क किनारे टहल रहे थे. इसी दौरान चिरुड़ीह गांव का एक नाबालिग युवक तेज गति से मोटरसाइकिल चलाते हुए वहां पहुंचा और उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी तेज थी कि परीक्षित दत्त सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल धनबाद के अशर्फी अस्पताल पहुंचाया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया. परिजनों के अनुसार, उनके सिर में गंभीर चोट लगी है और उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है.
घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है. ग्रामीणों का आरोप है कि पबिया-तरणी मुख्य सड़क पर आए दिन नाबालिग युवक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल चलाते हैं और कई बार रेसिंग भी करते हैं. इसके बावजूद प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है.
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और सड़क पर होने वाली बाइक रेसिंग पर सख्ती से रोक लगाई जाए. उनका कहना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो भविष्य में और भी गंभीर हादसे हो सकते हैं.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल



