मनोहरपुर:जराईकेला थाना क्षेत्र के सागजोड़ी गांव स्थित अजम्बर चौक के समीप एक कुएं में डूबने से 14 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.


जानकारी के अनुसार, सागजोड़ी गांव निवासी शंकर भूमिज का पुत्र हरीश भूमिज (14) शनिवार को अपनी छोटी बहन के साथ नहाने के लिए कुएं पर गया था. इसी दौरान नहाने के क्रम में उसका पैर फिसल गया और वह गहरे कुएं में गिर गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कुछ देर तक हरीश पानी से बाहर नहीं निकला तो आसपास मौजूद लोगों को अनहोनी की आशंका हुई. इसके बाद ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे, लेकिन कुआं काफी गहरा होने के कारण किशोर दिखाई नहीं दे रहा था.
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर कुएं में तलाश अभियान चलाया और काफी प्रयास के बाद हरीश को बाहर निकाला गया. उसे तत्काल स्थानीय डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए. किशोर की मौत की खबर फैलते ही गांव में मातम छा गया और माहौल गमगीन हो गया.
सूचना मिलने पर जराईकेला थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



