जमशेदपुर: विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बिजली आपूर्ति क्षेत्र, जमशेदपुर के महाप्रबंधक कार्यालय परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व महाप्रबंधक अजीत कुमार एवं विद्युत आपूर्ति अंचल, जमशेदपुर के अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने किया.


इस दौरान महाप्रबंधक कार्यालय के नए भवन परिसर में खाली पड़ी जगहों पर विभिन्न प्रजातियों के पौधे लगाए गए. कार्यक्रम में विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया तथा पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया.

मौके पर अधीक्षण अभियंता सुधीर कुमार ने कहा कि बढ़ते तापमान और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति का कर्तव्य है कि वह कम से कम एक पेड़ अवश्य लगाए. उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल पर्यावरण को हरा-भरा बनाते हैं, बल्कि घरों के आसपास ठंडक बनाए रखने में भी सहायक होते हैं, जिससे बिजली की खपत में भी कमी आती है.
उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए वृक्षारोपण को जन आंदोलन बनाना होगा. पर्यावरण संरक्षण के लिए सभी को मिलकर अधिक से अधिक पौधे लगाने चाहिए.
कार्यक्रम के अंत में विभागीय अधिकारियों ने पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई. इस अवसर पर कार्यपालक अभियंता (तकनीकी) चंद्रभूषण सहित बिजली विभाग के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे.



