सरायकेला: युवाओं और स्कूली बच्चों को सुरक्षित, जागरूक और जिम्मेदार नागरिक बनाने की दिशा में सोमवार को एक सराहनीय पहल देखने को मिली. पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी के निर्देशानुसार सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार ने केबीपीएस उच्च विद्यालय सरायकेला पहुंचकर छात्र- छात्राओं के बीच जागरूकता अभियान चलाया.

विद्यालय परिसर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बच्चों को महिला अपराध, पॉक्सो एक्ट, बाल विवाह, महिला सुरक्षा, नशा मुक्ति, सड़क सुरक्षा, साइबर अपराध और बच्चा चोरी की अफवाहों जैसे गंभीर विषयों पर विस्तार से जानकारी दी गई. थाना प्रभारी ने कहा कि आज के दौर में केवल पढ़ाई ही नहीं, बल्कि कानून और सुरक्षा संबंधी जानकारी होना भी बेहद जरूरी है.
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की परेशानी, अपराध या आपात स्थिति में तुरंत सहायता के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098, डायल-112 और साइबर फ्रॉड टोल फ्री नंबर 1930 का उपयोग किया जा सकता है. पुलिस अधिकारियों ने बच्चों को सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग करने, अंजान लोगों से सतर्क रहने और अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की सलाह दी.
विशेष रूप से पॉक्सो एक्ट और बाल विवाह के विषय पर बच्चों को जागरूक करते हुए बताया गया कि कानून बच्चों और महिलाओं की सुरक्षा के लिए बेहद सख्त है. किसी भी प्रकार की छेड़खानी, शोषण या प्रताड़ना की जानकारी तुरंत अपने अभिभावकों, शिक्षकों या पुलिस को देनी चाहिए.
सड़क सुरक्षा को लेकर बच्चों को हेलमेट पहनने, ट्रैफिक नियमों का पालन करने और नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने की सीख दी गई. पुलिस टीम ने नशा मुक्ति पर भी जोर देते हुए कहा कि नशा युवाओं के भविष्य को बर्बाद कर देता है और इससे दूर रहना बेहद आवश्यक है.
अपने संबोधन में थाना प्रभारी विनय कुमार ने कहा कि आज के बच्चे ही देश का भविष्य हैं. यदि वे अभी से कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक होंगे तो समाज अपराध मुक्त और सुरक्षित बनेगा. उन्होंने कहा कि पुलिस सिर्फ कार्रवाई करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और सुरक्षित रखने के लिए भी काम करती है. बच्चों को किसी भी प्रकार की घटना या समस्या छुपानी नहीं चाहिए, बल्कि तुरंत अपने अभिभावकों और पुलिस को जानकारी देनी चाहिए.
जागरूकता कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पुलिस अधिकारियों से कई सवाल पूछे. कार्यक्रम के अंत में बच्चों को सतर्क रहने, अफवाहों से बचने और समाज में सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की गई.
Report- Pramod Singh



