जामताड़ा: जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत बरियारपुर गांव के समीप सोमवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल युवक की पहचान मंझलाडीह गांव निवासी रज्जाक अंसारी के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया.

मिली जानकारी के अनुसार रज्जाक अंसारी किसी कार्य से अपने गांव मंझलाडीह से नारायणपुर जा रहे थे. इसी दौरान बरियारपुर गांव के पास विपरीत दिशा से तेज रफ्तार में आ रही स्विफ्ट डिजायर कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के तुरंत बाद आसपास के ग्रामीण और राहगीरों ने घायल युवक को आनन- फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारायणपुर पहुंचाया. वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति गंभीर होने के कारण बेहतर इलाज के लिए धनबाद रेफर कर दिया गया.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के बाद कार चालक वाहन लेकर भागने की कोशिश कर रहा था, लेकिन स्थानीय लोगों की सतर्कता से नारायणपुर बस स्टैंड मोड़ के पास कार को पकड़ लिया गया. घटना से आक्रोशित लोगों ने कार में तोड़फोड़ भी कर दी.
सूचना मिलते ही नारायणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. इधर हादसे के बाद घायल युवक के परिजनों का रो- रोकर बुरा हाल है. स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ती तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग पर चिंता जताते हुए प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
Report- Manish Baranwal



