जमशेदपुर: मिडिल ईस्ट में जारी तनाव और अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई तेजी का असर अब आम लोगों की जेब पर साफ दिखने लगा है. देशभर में पेट्रोलियम कंपनियों द्वारा पेट्रोल और डीजल की कीमतों में अचानक 3- 3 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी किए जाने के बाद जमशेदपुर समेत पूरे झारखंड में लोगों की चिंता बढ़ गई है. शुक्रवार सुबह छह बजे से नई दरें लागू होने के साथ ही जमशेदपुर में पेट्रोल की कीमत 100 रुपये के पार पहुंच गई.


नई दरों के अनुसार शहर में पेट्रोल 97.86 रुपये से बढ़कर 100.86 रुपये प्रति लीटर हो गया है, जबकि डीजल की कीमत 92.62 रुपये से बढ़कर 95.76 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है. लगातार बढ़ती कीमतों ने आम उपभोक्ताओं, वाहन चालकों और परिवहन व्यवसाय से जुड़े लोगों की परेशानी बढ़ा दी है.
कीमतों में अचानक हुई बढ़ोतरी के बाद भी जमशेदपुर और आसपास के कई पेट्रोल पंपों पर सुबह से ही लंबी कतारें देखने को मिलीं. बड़ी संख्या में लोग पैनिक में जरूरत से ज्यादा पेट्रोल और डीजल भरवाते नजर आए. इससे कई पेट्रोल पंपों पर दबाव बढ़ गया और कुछ जगहों पर अस्थायी रूप से तेल की कमी जैसी स्थिति बन गई. रांची समेत राज्य के कई जिलों से भी पेट्रोल पंप ड्राई होने की खबरें सामने आने लगी हैं. यह स्थिति पिछले दो दिनों से बनी हुई है.
विशेषज्ञों के अनुसार मिडिल ईस्ट में जारी युद्ध और तनावपूर्ण हालात के कारण कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित हुई है. इसका असर अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों पर पड़ा है और भारत समेत कई देशों में ईंधन महंगा हो गया है. जानकारों का मानना है कि यदि हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में कीमतों में और बढ़ोतरी हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक रांची में प्रतिदिन लगभग एक लाख लीटर पेट्रोल और डीजल की सप्लाई कम हो रही है. बढ़ती मांग और सप्लाई चेन पर दबाव के कारण लोगों में तेल खत्म होने की आशंका और गहरा गई है. इसी बीच कुछ इलाकों से निर्धारित दर से अधिक कीमत पर पेट्रोल- डीजल बेचने की शिकायतें भी सामने आई हैं. उपभोक्ताओं ने प्रशासन से ऐसे मामलों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है.
हालांकि जिला प्रशासन और पेट्रोल पंप एसोसिएशन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने की अपील की है.
अधिकारियों का कहना है कि राज्य में ईंधन की वास्तविक कमी नहीं है. अचानक बढ़ी मांग और अतिरिक्त खरीदारी के कारण कुछ स्थानों पर दबाव की स्थिति बनी है. प्रशासन ने लोगों से जरूरत के अनुसार ही तेल खरीदने की अपील की है.
ईंधन महंगा होने का असर अब बाजार और आम जीवन पर भी दिखने लगा है. परिवहन किराया बढ़ने की आशंका के बीच ऑटो, बस और मालवाहक वाहन संचालकों ने संकेत दिए हैं कि यदि कीमतों में और बढ़ोतरी हुई तो किराए में संशोधन करना पड़ सकता है. ऐसे में आम लोगों को आने वाले दिनों में महंगाई का एक और झटका लगने की संभावना है.
Report- Varun Kumar

