सरायकेला: जिले के कपाली स्थित उत्क्रमित प्लस टू उच्च विद्यालय में पेयजल व्यवस्था की बदहाली अब छात्रों की सुरक्षा पर भारी पड़ने लगी है. विद्यालय में पढ़ने वाले छात्र- छात्राएं साफ पानी के लिए रोजाना स्कूल की चारदीवारी फांदने को मजबूर हैं. हैरानी की बात यह है कि लंबे समय से समस्या बने रहने के बावजूद अब तक इसका स्थायी समाधान नहीं हो सका है.

जानकारी के अनुसार विद्यालय परिसर में पानी की व्यवस्था तो है, लेकिन छात्रों का आरोप है कि स्कूल में आने वाला पानी गंदा और पीने योग्य नहीं है. इसी कारण बच्चे स्कूल के बाहर जाकर कपाली ओपी के समीप लगे फ्रिज से बोतलों में पानी भरते हैं और फिर दोबारा दीवार फांदकर स्कूल परिसर में लौटते हैं.
छात्रों ने बताया कि गर्मी के मौसम में बिना पानी के रहना मुश्किल हो जाता है, इसलिए मजबूरी में उन्हें यह जोखिम उठाना पड़ रहा है. बच्चों का कहना है कि कई बार स्कूल प्रबंधन को इस समस्या की जानकारी दी गई, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई.
स्थानीय लोगों ने भी इस स्थिति पर चिंता जताई है. उनका कहना है कि ऊंची चारदीवारी फांदने के दौरान कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. यदि कोई छात्र फिसलकर गिर जाए तो गंभीर चोट लग सकती है, लेकिन इसके बावजूद विद्यालय में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही दिखाई दे रही है.
जानकारी के मुताबिक स्कूल में सुरक्षा गार्ड की भी तैनाती नहीं है, जिसके कारण छात्र आसानी से दीवार पार कर बाहर निकल जाते हैं. इससे छात्रों की सुरक्षा पर लगातार सवाल उठ रहे हैं.
स्थानीय अभिभावकों और लोगों ने शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन से मांग की है कि विद्यालय में शुद्ध पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए. साथ ही पानी की नियमित जांच कराई जाए और छात्रों की सुरक्षा के लिए सुरक्षा गार्ड की नियुक्ति की जाए, ताकि भविष्य में किसी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
Report: Afroz Mallik



