रामगढ़: थाना क्षेत्र के परसोतीया के समीप सोमवार को एक युवक को गोली मार दिए जाने की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई. घायल युवक की पहचान अंकित यादव के रूप में हुई है. घटना के बाद इलाके में अफरा- तफरी का माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार गोली लगने के बाद गंभीर रूप से घायल अंकित यादव को रामगढ़ पुलिस की मदद से तत्काल इलाज के लिए रामगढ़ स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है. उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
घटना की सूचना मिलते ही रामगढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल की घेराबंदी कर साक्ष्य जुटाए. जांच के दौरान पुलिस को मौके से एक खोखा भी बरामद हुआ है, जिसे कब्जे में लेकर जांच की जा रही है. फिलहाल गोली चलाने के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं हो सका है. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी हुई है. इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है.
रामगढ़ पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा.



