सरायकेला: जिले के राजनगर प्रखंड अंतर्गत लकड़ाकोचा मोड़ के समीप मंगलवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते- होते टल गया. जानकारी के अनुसार बंगाल नंबर की एक आल्टो कार चाईबासा से टाटा की ओर जा रही थी. इसी दौरान लकड़ाकोचा मोड़ पर चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिसके बाद कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खेत में पलट गई.

घटना के बाद मौके पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों की मदद से कार में सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया. राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जान-माल की क्षति नहीं हुई और वाहन में सवार सभी लोग सुरक्षित बताए जा रहे हैं.
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि लकड़ाकोचा मोड़ पर अक्सर सड़क दुर्घटनाएं होती रहती हैं. मोड़ काफी खतरनाक होने के कारण यहां कई बार वाहन अनियंत्रित हो जाते हैं, जिससे हादसों की आशंका बनी रहती है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस स्थान पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं. लोगों ने चेतावनी संकेत बोर्ड लगाने, स्पीड कंट्रोल की व्यवस्था करने तथा सड़क किनारे सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी बड़े हादसे से बचा जा सके.
Report: Rasbihari Mandal



