चाईबासा: पश्चिमी सिंहभूम जिले के मनोहरपुर स्थित जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत टन-टन रेलवे पुल के नीचे रविवार को एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. घटना की सूचना मिलते ही जराईकेला थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी.

प्राथमिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत ट्रेन से गिरने के कारण हुई हो सकती है. हालांकि पुलिस अभी किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है और मामले के हर पहलू की गहन जांच कर रही है.
पुलिस को मृतक के हाथ में बंगला भाषा में लिखा हुआ एक नाम मिला है. इसी आधार पर उसकी पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. आसपास के लोगों से पूछताछ भी की जा रही है ताकि मृतक की पहचान और घटना की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अनुमंडल अस्पताल चक्रधरपुर भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा. जराईकेला थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने बताया कि फिलहाल मृतक के परिजनों की तलाश की जा रही है. साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि मामला रेल दुर्घटना का है या फिर किसी आपराधिक घटना से जुड़ा हुआ है. पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच में जुटी हुई है.
Report By Jyotish Mahali



