जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र में वर्षों से बदहाल और जर्जर पड़ी सड़कों को लेकर अब लोगों का गुस्सा खुलकर सामने आने लगा है. सड़क की खराब स्थिति को लेकर भारतीय जनता पार्टी परसुडीह मंडल अध्यक्ष सुमित शर्मा ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो भाजपा कार्यकर्ता जनता के साथ सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.

भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित शर्मा ने कहा कि खासमाल होते हुए गोलपहाड़ी मंदिर, काली मंदिर, मखदुमपुर चौक से परसुडीह चांदनी चौक, बारीगोडा, राहरगोड़ा और गदड़ा गोविंदपुर तक जाने वाली मुख्य सड़क पूरी तरह जर्जर हो चुकी है. सड़क पर बड़े- बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे आए दिन दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है. बारिश के दिनों में जलजमाव के कारण हालात और भी गंभीर हो जाते हैं.
उन्होंने कहा कि नामोटोला से सुंदरनगर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की स्थिति भी बेहद खराब है. सड़क की बदहाली के कारण लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है. स्थानीय लोग वर्षों से सड़क मरम्मत की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक केवल आश्वासन ही मिला है. क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों पर भी समस्या की अनदेखी करने का आरोप लगाया जा रहा है.
इधर रविवार को मखदुमपुर चौक में जर्जर सड़क के कारण एक स्कूटी सवार महिला के घायल होने की घटना ने लोगों के गुस्से को और बढ़ा दिया. स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर बने गड्ढों और उबड़-खाबड़ रास्ते के कारण महिला असंतुलित होकर गिर गई, जिससे वह घायल हो गई.
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि खराब सड़क के कारण सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है. जगह-जगह पानी भरे गड्ढों से दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है. वहीं व्यापारियों का कहना है कि सड़क खराब होने से व्यवसाय पर भी असर पड़ रहा है और ग्राहक आने से बचने लगे हैं.
भाजपा मंडल अध्यक्ष सुमित शर्मा ने प्रशासन से तत्काल सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य शुरू कराने की मांग की. उन्होंने कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो भाजपा चरणबद्ध आंदोलन करेगी.
वहीं नामोटोला निवासी ज्योति कुमार शर्मा ने भी नाराजगी जताते हुए कहा कि क्षेत्र की सड़कें पूरी तरह बदहाल हो चुकी हैं, लेकिन न स्थानीय विधायक ध्यान दे रहे हैं और न ही जिला परिषद. ऐसा लगता है कि इस इलाके को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया गया है.
स्थानीय लोगों ने भाजपा की इस पहल का समर्थन करते हुए प्रशासन से जल्द ठोस कार्रवाई की मांग की है.
Report By Afroz Mallik



