आदित्यपुर: व्यावसायिक वाहन बाजार में लंबे समय से भरोसे का नाम रही टाटा एस के 21 वर्ष पूरे होने के अवसर पर टाटा मोटर्स ने ग्राहकों के लिए विशेष ऑफर की घोषणा की है. कंपनी की ओर से खासतौर पर महिला वाहन मालिकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से अतिरिक्त लाभ दिया जा रहा है.

नई स्कीम के तहत टाटा एस खरीदने वाली महिला ओनर्स को 21 हजार रुपये का अतिरिक्त डिस्काउंट दिया जाएगा. अन्य ऑफर्स को मिलाकर कुल 41 हजार रुपये तक की छूट का लाभ ग्राहकों को मिलेगा. टाटा मोटर्स की इस पहल को महिला उद्यमियों और स्वरोजगार से जुड़ी महिलाओं को बढ़ावा देने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है. इसी कड़ी में आदित्यपुर स्थित मिथिला मोटर्स से इस विशेष स्कीम के तहत पहली गाड़ी महिला ग्राहक करमी कुमारी को डिलीवर की गई. वाहन डिलीवरी के दौरान शोरूम में उत्साह का माहौल देखने को मिला.

कंपनी से जुड़े अधिकारियों ने बताया कि टाटा एस पिछले 21 वर्षों से छोटे व्यवसायियों, ट्रांसपोर्ट कारोबारियों और ग्रामीण- शहरी क्षेत्रों में रोजगार का मजबूत माध्यम बना हुआ है. अब महिला ग्राहकों को विशेष छूट देकर उन्हें भी व्यवसाय और स्वरोजगार के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है. मौके पर मिथला मोटर्स के वाइस प्रेसिडेंट (सेल्स) राजेश पटेल, एलओबी हेड सुभाष प्रसाद मैनेजर राजेश कुमार आदि मौजूद रहे.
ऑटोमोबाइल बाजार के जानकारों का मानना है कि बढ़ती महंगाई और व्यवसायिक जरूरतों के बीच इस तरह की स्कीम ग्राहकों को काफी राहत दे सकती है. खासकर छोटे व्यापारियों और महिला उद्यमियों के लिए यह ऑफर आकर्षण का केंद्र बन सकता है.

