जमशेदपुर: स्टेट बैंक ऑफ़ इंडिया के एटीएम में कार्यरत करीब 140 सुरक्षा गार्डों ने एजेंसी पर गंभीर आरोप लगाए हैं. गार्डों का कहना है कि वे पिछले साढ़े चार वर्षों से लगातार सेवा दे रहे थे, लेकिन अचानक सेवा समाप्ति पत्र देकर उन्हें हटा दिया गया.

प्रभावित गार्डों के अनुसार कंपनी ने उनके 15 महीने का भविष्य निधि, एक वर्ष का बोनस, अप्रैल माह का वेतन, राष्ट्रीय अवकाश का भुगतान, न्यूनतम वेतन का अंतर और अतिरिक्त कार्य का भुगतान अब तक नहीं किया है. गार्डों ने यह भी आरोप लगाया कि 30 दिन ड्यूटी लेने के बावजूद उन्हें केवल 26 दिन का ही भुगतान किया जाता रहा.
गार्डों ने अपनी सेवा अवधि के आधार पर ग्रेच्युटी की राशि दिलाने की भी मांग उठाई है. उनका कहना है कि लंबे समय तक सेवा देने के बावजूद उन्हें उनके अधिकारों से वंचित किया जा रहा है. सुरक्षा गार्डों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर सभी बकाया भुगतान सुनिश्चित कराने की अपील की है. इसके साथ ही उन्होंने मांग की है कि यदि नई एजेंसी नियुक्त की जाती है, तो सभी 140 गार्डों को पुनः कार्य पर रखा जाए, ताकि उनकी आजीविका प्रभावित न हो. मामले को लेकर श्रमिकों में आक्रोश का माहौल है और उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

