जमशेदपुर: दुकानों के किराया वृद्धि को लेकर व्यापारियों का गुस्सा खुलकर सामने आ गया है. जमशेदपुर नोटिफाइड एरिया कमिटी द्वारा अचानक किराया बढ़ाए जाने के फैसले का शहर के विभिन्न बाजारों के दुकानदारों ने जोरदार विरोध किया है.

जमशेदपुर ऑल मार्केट एसोसिएशन के बैनर तले दुकानदारों ने इस निर्णय को असहनीय और अमानवीय बताया है. व्यापारियों का कहना है कि वे वर्षों से नियमों के तहत नियमित रूप से किराया जमा करते आ रहे हैं, लेकिन बिना किसी पूर्व सूचना और बिना बाजार प्रतिनिधियों से चर्चा किए किराया बढ़ा दिया गया.
दुकानदारों ने बताया कि इससे पहले भी किराया वृद्धि को लेकर विरोध हुआ था, जिसके बाद तत्कालीन उपायुक्त ने जांच समिति गठित कर इस वृद्धि पर रोक लगा दी थी. बावजूद इसके एक बार फिर बिना संवाद के लिया गया यह फैसला व्यापारियों के लिए बड़ा झटका साबित हुआ है.
व्यापारियों के अनुसार इस संबंध में 24 अप्रैल 2026 को प्रशासन को लिखित आवेदन भी दिया गया था, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई है. इससे नाराज दुकानदारों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है. एसोसिएशन ने प्रशासन से मांग की है कि किराया वृद्धि के इस फैसले को तत्काल प्रभाव से वापस लिया जाए और बाजार प्रतिनिधियों के साथ बैठकर व्यावहारिक और न्यायसंगत समाधान निकाला जाए. व्यापारियों ने साफ संकेत दिया है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सुनवाई नहीं हुई, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

