
चाईबासा: जिले के मनोहरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनपोखरी गांव में खेत से बरामद बम को शुक्रवार को भारतीय सेना की 23 इन्फेंट्री डिविजन की टीम ने सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय कर दिया. पूरे अभियान के दौरान क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई और आम लोगों की आवाजाही पर भी रोक लगाई गई.


सेना के कर्नल धर्मेंद्र सिंह के नेतृत्व में रणवीर कुमार, संदीप कुमार चौधरी, आयुष समेत अन्य अधिकारियों और जवानों ने दोपहर करीब 1 बजे बम निष्क्रिय करने की प्रक्रिया शुरू की. हालांकि, अचानक तेज बारिश और वज्रपात शुरू होने के कारण सुरक्षा के मद्देनजर अभियान कुछ समय के लिए रोकना पड़ा. बारिश थमने के बाद सेना की टीम ने दोबारा ऑपरेशन शुरू किया और विस्फोटक को सुरक्षित तरीके से जोड़कर करीब 150 मीटर की दूरी से बैटरी की सहायता से नियंत्रित विस्फोट किया.
धमाके के साथ बम को सफलतापूर्वक निष्क्रिय कर दिया गया. इस दौरान चक्रधरपुर के अनुमंडल पदाधिकारी (सीओ) प्रदीप कुमार, एएसपी अभियान राहुल देव बड़ाईक, मनोहरपुर डीएसपी डेविड ए. डोडराय, थाना प्रभारी अमिएल एक्का, सीआरपीएफ के शंभू नाथ यादव सहित सेना, सीआरपीएफ और पुलिस के कई अधिकारी एवं जवान मौके पर मौजूद रहे.
उल्लेखनीय है कि यह बम मंगलवार को सोनपोखरी गांव के एक खेत में मिला था, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियों ने पूरे क्षेत्र को घेरकर बम को सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय करने की तैयारी शुरू कर दी थी.
Edited By Sarita






