सरायकेला: पुलिस संभावित आपराधिक घटनाओं पर लगाम कसने के लिए पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रही है. सोमवार को थाना परिसर में थाना प्रभारी विनय कुमार की अध्यक्षता में बैंक, मेडिकल स्टोर, पेट्रोल पंप और ज्वेलरी दुकानों के संचालकों के साथ अहम सुरक्षा बैठक आयोजित की गई.

बैठक में क्षेत्र के सभी प्रमुख बैंक शाखा प्रबंधक, ज्वेलरी शॉप संचालक, पेट्रोल पंप संचालक और मेडिकल स्टोर संचालक मौजूद रहे. इसका मुख्य उद्देश्य क्षेत्र में बढ़ती आपराधिक घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाना था.
थाना प्रभारी ने सभी व्यवसायियों को अपने प्रतिष्ठानों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि सभी जगह CCTV कैमरे चालू हालत में होने चाहिए और उनकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए. साथ ही नकदी लेन- देन के दौरान विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने को कहा गया.
बैठक में यह भी निर्देश दिया गया कि बैंक और ज्वेलरी दुकानों में अलार्म सिस्टम, सुरक्षा गार्ड और इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम सक्रिय रखा जाए. पेट्रोल पंप और मेडिकल स्टोर संचालकों को देर रात तक सतर्क रहने और किसी भी असामान्य गतिविधि पर नजर रखने को कहा गया.
थाना प्रभारी विनय कुमार ने स्पष्ट कहा कि सुरक्षा व्यवस्था केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिक और व्यवसायियों की भी बराबर भागीदारी जरूरी है. सामूहिक सतर्कता से ही अपराधों को होने से पहले रोका जा सकता है.
सरायकेला पुलिस ने सभी व्यवसायियों से अपील की है कि वे सुरक्षा मानकों से कोई समझौता न करें और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत थाना को दें.
Report by Pramod Singh

