जामताड़ा: शहर के प्रसिद्ध सुभाष चौक में पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भाजपा की शानदार जीत पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार जश्न मनाया. भाजपा जिला अध्यक्ष सुमित शरण के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने झालमुड़ी खाकर, एक- दूसरे को रंग- गुलाल लगाकर और आतिशबाजी कर जीत की खुशी साझा की.

जिलाध्यक्ष सुमित शरण ने कहा कि इन राज्यों की जनता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 12 वर्षों के सुशासन पर मुहर लगाई है. उन्होंने दावा किया कि विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में जनता ने अपने मताधिकार के माध्यम से बदलाव का स्पष्ट संदेश दिया है.
उन्होंने कहा कि यह जीत कार्यकर्ताओं के लंबे संघर्ष, त्याग और समर्पण का परिणाम है. साथ ही इसे जनता के विश्वास और समर्थन की जीत बताते हुए कहा कि लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता का ही होता है.
भाजपा नेता तरुण गुप्ता ने भी इस जीत पर खुशी जताते हुए कहा कि यह परिणाम देशभर में पार्टी के प्रति बढ़ते विश्वास को दर्शाता है. उन्होंने कहा कि जनता ने निर्णायक भूमिका निभाते हुए भाजपा को मजबूत जनादेश दिया है.
कार्यक्रम में जिला महामंत्री कमलेश मंडल, हरिमोहन मिश्रा, संतन मिश्रा, दुबराज मंडल, राजेंद्र राउत, सुकुमार सरखेल, आभा आर्या, प्रदीप राउत, कुणाल सिंह, टिंकू नायक, ब्रजेश राउत, ज्योति देवी, रथु दास, चंदन राउत, प्रवीण मिश्रा, रमेश राउत, रमेश पंडित, अंजनी तिवारी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे.
Report By Manish Baranwal

