चांडिल: कपाली नगर परिषद क्षेत्र के गैस गोदाम रोड स्थित भाभी होटल चौक में स्ट्रीट लाइट समस्या को लेकर प्रकाशित खबर का असर देखने को मिला है. खबर सामने आने के बाद संबंधित विभाग सक्रिय हुआ और खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कर दिया गया. अब लाइटें नियमित रूप से जल रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है.

बताया जाता है कि पहले इस चौक पर लगी कई स्ट्रीट लाइटें खराब थीं और जो लाइटें जल भी रही थीं, वे घने पेड़ों के बीच होने के कारण सड़क तक पर्याप्त रोशनी नहीं पहुंचा पा रही थीं. इसके कारण शाम होते ही पूरा इलाका अंधेरे में डूब जाता था और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था.
हालांकि विभाग द्वारा लाइटों को ठीक कर दिए जाने के बावजूद समस्या पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है. स्ट्रीट लाइट अब भी पेड़ों के बीच घिरी हुई है, जिसके कारण उसकी रोशनी सड़क पर प्रभावी ढंग से नहीं पड़ पा रही है. ऐसे में चौक पर अब भी पर्याप्त रोशनी नहीं मिल रही है और स्थिति लगभग पहले जैसी ही बनी हुई है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि केवल लाइट ठीक कर देने से समस्या का समाधान नहीं होगा. जब तक पेड़ों की छंटाई नहीं की जाएगी या स्ट्रीट लाइट को सही स्थान पर स्थापित नहीं किया जाएगा, तब तक चौक पर अंधेरे की समस्या बनी रहेगी. इस मामले में अब तक किसी जनप्रतिनिधि या जिम्मेदार अधिकारी द्वारा पेड़ों की छंटाई या लाइट को उचित स्थान पर लगाने की दिशा में ठोस पहल नहीं की गई है. लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द स्थायी समाधान किया जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर हो सके और आम लोगों को राहत मिल सके.
Report By Afroz Mallik

