चांडिल: ईचागढ़ थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्ती और बढ़ा दी है. उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के निर्देश पर जिला खनन विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने औचक निरीक्षण अभियान चलाया.

यह अभियान स्वर्णरेखा नदी के सोड़ो, जारगोडीह, पुरानडीह और वीरडीह बालू घाटों में चलाया गया, जहां अवैध खनन, भंडारण और परिवहन की गतिविधियों की गहन जांच की गई. निरीक्षण के दौरान किसी भी घाट पर तत्काल अवैध उत्खनन नहीं पाया गया, जिससे प्रशासन ने राहत की सांस ली.
हालांकि, सोड़ो, जारगोडीह और वीरडीह घाटों पर ट्रैक्टर के टायर के निशान मिलने के बाद प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. वरीय अधिकारियों के निर्देश पर संभावित अवैध परिवहन मार्गों की पहचान कर कई स्थानों पर अवरोध गर्त बनाकर रास्तों को बंद कर दिया गया है, ताकि भविष्य में अवैध बालू ढुलाई पर पूरी तरह रोक लगाई जा सके.
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि जिले में किसी भी प्रकार का अवैध खनन, भंडारण या परिवहन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. संबंधित विभागों को लगातार निगरानी रखने और सख्त कार्रवाई जारी रखने को कहा गया है. प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध खनन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है, वहीं आम लोगों ने इस पहल का स्वागत करते हुए इसे जरूरी कदम बताया है.
Report by Vikash Thakur

