जामताड़ा: झारखंड राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (JHALSA), रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) द्वारा 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को प्रभात फेरी निकाली गई. इस अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों को निःशुल्क विधिक सहायता, महिला एवं बाल अधिकार, वृद्धजनों के अधिकार तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक करना है.

प्रभात फेरी में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव पवन कुमार, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मोहन बर्मन, पैनल अधिवक्ता, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स तथा न्यायालय के कर्मी सक्रिय रूप से शामिल हुए. रैली के दौरान लोगों को विधिक सहायता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया.
अभियान के तहत विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और जरूरतमंद लोगों को उनके कानूनी अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा रहा है. साथ ही विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, जैसे मईंया सम्मान योजना, की जानकारी भी दी जा रही है, ताकि पात्र लोगों को इसका लाभ मिल सके.
अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति कानूनी सहायता के अभाव में न्याय से वंचित न रहे. इस पहल के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और विधिक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने का प्रयास किया जा रहा है.
Report by Manish Baranwal

