जामताड़ा: श्री श्री 1008 पंचमुखी हनुमान मंदिर के तीन दिवसीय प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को लेकर शनिवार को भक्ति और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिला. पूरे शहर में धार्मिक वातावरण के बीच भव्य कलशयात्रा निकाली गई, जिसमें महिला श्रद्धालुओं की बड़ी भागीदारी रही.

आचार्य संजय पांडे के मार्गदर्शन में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ जलयात्रा के लिए स्थापित कलश का विधिवत पूजन कराया गया. इस दौरान पुजारी हरेन्द्र नाथ पाण्डेय, कृष्णा शर्मा, विकास पाण्डेय एवं छोटे लाल पाण्डेय ने धार्मिक अनुष्ठानों को संपन्न कराया.

पूजन के बाद सैकड़ों महिला श्रद्धालुओं ने सिर पर कलश लेकर भव्य कलशयात्रा निकाली. यह यात्रा नवनिर्मित श्री श्री 1008 पंचमुखी हनुमान मंदिर, दुबे डंगाल पाण्डेडिह से प्रारंभ होकर रक्षा काली मंदिर होते हुए सूर्य मंदिर तालाब तक पहुंची. वहां वैदिक परंपरा के अनुसार कलश में जल भरने के बाद श्रद्धालु पुनः मंदिर परिसर लौटे.
पूरे मार्ग में जय श्रीराम और बजरंगबली के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा. श्रद्धालुओं की आस्था और उत्साह ने आयोजन को और भी भव्य बना दिया. इस धार्मिक आयोजन के मुख्य यजमान अशोक दुबे एवं उनकी धर्मपत्नी मिनी दुबे तथा संजय दुबे एवं उनकी धर्मपत्नी मोंटी दुबे रहे. आयोजन को सफल बनाने में दीपक दुबे, राकेश दुबे, मुकेश दुबे, विपिन दुबे, रितेश दुबे, संजीव दुबे सहित बड़ी संख्या में स्थानीय श्रद्धालुओं ने सक्रिय भूमिका निभाई.

