जामताड़ा: जिले के शिक्षा क्षेत्र के लिए एक बड़ी और सकारात्मक खबर सामने आई है. झारखंड सरकार के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग ने जिले में शिक्षकों की कमी को दूर करने की दिशा में अहम पहल करते हुए 39 सहायक आचार्यों की नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी है.

इस संबंध में झारखंड स्टॉफ सलेक्शन कमीशन द्वारा अनुशंसित अभ्यर्थियों की सूची जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय को प्राप्त हो चुकी है. सभी चयनित अभ्यर्थियों के शैक्षणिक एवं प्रशिक्षण से संबंधित प्रमाण- पत्र भी कार्यालय में जमा हो गए हैं.
जिला शिक्षा अधीक्षक कार्यालय में 8 मई को सुबह 10 बजे काउंसलिंग आयोजित की जाएगी. इस दौरान सभी अभ्यर्थियों के मूल प्रमाण-पत्रों का सत्यापन और मिलान किया जाएगा, जिसके बाद नियुक्ति की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी.
प्राप्त जानकारी के अनुसार विभिन्न श्रेणियों में नियुक्ति इस प्रकार होगी. इंटरमीडिएट प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 1 से 5) के लिए 13 अभ्यर्थी. स्नातक प्रशिक्षित सहायक आचार्य (कक्षा 6 से 8) सामाजिक विज्ञान के लिए 22 अभ्यर्थी. गणित एवं विज्ञान के लिए 1 अभ्यर्थी. जबकि भाषा शिक्षक के रूप में 3 अभ्यर्थियों की अनुशंसा की गई है.
जिले में लंबे समय से शिक्षकों की कमी की समस्या बनी हुई थी, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही थी. नई नियुक्तियों से सरकारी विद्यालयों में शिक्षण व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है. साथ ही छात्रों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने में भी मदद मिलेगी. प्रशासन ने उम्मीद जताई है कि इस प्रक्रिया के पूरा होने के बाद स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बढ़ेगी और शिक्षा का स्तर बेहतर होगा.
Report by Manish Baranwal

