जमशेदपुर: परसुडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत मखदुमपुर रोड नंबर दो स्थित ख्वाजा चौक के पास नाले पर बनी पुलिया की हालत बेहद खराब हो गई है. करीब 20 वर्ष पहले बनी यह पुलिया अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है, जिससे स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.

स्थानीय निवासी मोहम्मद चांद के अनुसार पिछले कुछ महीनों से नाले में तेज बहाव के कारण पुलिया के नीचे और किनारों की मिट्टी लगातार कट रही है. इससे पुल की नींव कमजोर हो गई है और कभी भी यह पुलिया धंस सकती है.
यह मार्ग मखदुमपुर और परसुडीह को सलगाझुरी होते हुए टेल्को से जोड़ता है, जिससे इस सड़क पर रोजाना सैकड़ों लोगों और वाहनों का आवागमन होता है. ऐसे में पुलिया की खराब स्थिति किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही है. स्थानीय लोगों का कहना है कि इस समस्या की जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी जा चुकी है, लेकिन अब तक मरम्मत को लेकर कोई ठोस पहल नहीं की गई है. लगातार शिकायतों के बावजूद स्थिति जस की तस बनी रहने से लोगों में नाराजगी भी बढ़ती जा रही है.
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पुलिया की तत्काल जांच कर मरम्मत या पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके और किसी संभावित दुर्घटना से बचाव हो सके.
Report by Afroz Mallik

