जमशेदपुर: बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धातकीडीह में शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा हो गया. एक बहुमंजिला इमारत की लिफ्ट अचानक गिरने से 45 वर्षीय महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. घायल महिला की पहचान रुकसाना के रूप में हुई है, जो जुगसलाई की निवासी बताई जा रही है.

जानकारी के अनुसार रुकसाना धातकीडीह स्थित हुसैन बिल्डिंग के एक फ्लैट में घरेलू कार्य करने जाती थी. शुक्रवार को भी वह रोज की तरह काम पर पहुंची और लिफ्ट के जरिए ऊपर जा रही थी. इसी दौरान अचानक लिफ्ट में खराबी आ गई और वह तेज झटके के साथ नीचे गिर गई.
हादसे की तेज आवाज सुनते ही बिल्डिंग में अफरा- तफरी मच गई. आसपास के लोग और बिल्डिंग के निवासी मौके पर पहुंचे और तुरंत घायल महिला को लिफ्ट से बाहर निकालकर इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल पहुंचाया. अस्पताल में डॉक्टरों ने महिला की स्थिति गंभीर बताई है. फिलहाल उसे सीसीयू में भर्ती कर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज किया जा रहा है.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने में जुटी है कि लिफ्ट तकनीकी खराबी के कारण गिरी या किसी अन्य लापरवाही का मामला है. बिल्डिंग प्रबंधन से भी इस संबंध में जानकारी ली जा रही है.
इस हादसे के बाद इमारत में रहने वाले लोगों में डर का माहौल है. स्थानीय लोगों ने लिफ्ट की नियमित जांच और सुरक्षा मानकों को सख्ती से लागू करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके.

