सरायकेला: सड़क सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है. उपायुक्त नितीश कुमार सिंह के निर्देश पर बुधवार को राजनगर थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाया गया.

इस अभियान का नेतृत्व जिला परिवहन पदाधिकारी गिरिजा शंकर महतो की उपस्थिति में किया गया, जहां दोपहिया वाहन चालकों की सघन जांच की गई. इस दौरान बिना हेलमेट वाहन चलाते पाए गए चालकों के खिलाफ विधिसम्मत जुर्माना लगाया गया.
खास बात यह रही कि केवल जुर्माना ही नहीं, बल्कि चालकों को मौके पर हेलमेट भी उपलब्ध कराते हुए उन्हें सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया. अधिकारियों ने लोगों को समझाया कि हेलमेट सिर्फ नियम नहीं, बल्कि जीवन की सुरक्षा का सबसे जरूरी साधन है.
अभियान के दौरान पुलिस पदाधिकारी और सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य भी मौजूद रहे. उन्होंने आम लोगों को यातायात नियमों के पालन के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी और सुरक्षित ड्राइविंग के लिए प्रेरित किया. जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सर्वोच्च प्राथमिकता है. आम नागरिकों से अपील की गई है कि दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें, निर्धारित गति सीमा का पालन करें और नशे की हालत में वाहन चलाने से बचें.
प्रशासन ने चेतावनी दी है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई जारी रहेगी. सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे अभियान आगे भी लगातार चलाए जाएंगे.

