आदित्यपुर: नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल (NMCH) में चिकित्सा क्षेत्र की बड़ी उपलब्धि सामने आई है. अस्पताल के चिकित्सकों ने पहली बार सफल न्यूरो सर्जरी कर इतिहास रच दिया गया है.

इस जटिल ऑपरेशन में न्यूरो सर्जन डॉ. बाला पविथरान ने नेतृत्व किया, जबकि एनेस्थीसिया विभाग की जिम्मेदारी डॉ. अयस्कांत साहू ने संभाली. अस्पताल की ओटी टीम के सहयोग से क्रैनियोप्लास्टी (Cranioplasty) सर्जरी को सफलतापूर्वक अंजाम दिया गया. यह सर्जरी मस्तिष्क से जुड़ी जटिल प्रक्रियाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें सिर की हड्डी के क्षतिग्रस्त हिस्से की मरम्मत की जाती है.
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार, यह उपलब्धि न केवल संस्थान के लिए बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है. इससे अब स्थानीय मरीजों को बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम होगी और उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधा अपने ही क्षेत्र में उपलब्ध हो सकेगी.
डॉक्टरों की टीम ने बताया कि सर्जरी सफल रही और मरीज की स्थिति स्थिर है. अस्पताल में इस तरह की उच्च स्तरीय चिकित्सा सेवाओं की शुरुआत से क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं को नई दिशा मिलेगी. प्रबंधन ने पूरी टीम को बधाई दी है. साथ ही इसी सेवा भाव से मरीजों का इलाज करने का निर्देश दिया है.

