जामताड़ा/ Manish Baranwal जिले के मिहिजाम थाना क्षेत्र से 19 अप्रैल से लापता दो सगी नाबालिग बहनों के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. शुरुआत में अपहरण मानकर की जा रही जांच का खुलासा तकनीकी पड़ताल में प्रेम प्रसंग के रूप में हुआ है.

मिहिजाम पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस की मदद से दोनों बहनों की लोकेशन लुधियाना में ट्रेस की. थाना प्रभारी प्रदीप राणा के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारी गुलशन कुमार की टीम ने लुधियाना के डिवीजन थ्री थाना क्षेत्र के न्यू शिवाजी नगर में छापेमारी कर दोनों बहनों को सकुशल बरामद कर लिया.
मौके से पुलिस ने 19 वर्षीय युवक राकेश कुमार पोद्दार को हिरासत में लिया है. वह मूल रूप से दरभंगा का निवासी है और लुधियाना में एक निजी दुकान में कार्यरत बताया जा रहा है.
जांच में सामने आया कि बड़ी बहन की पहचान राकेश से इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी. 19 अप्रैल को वह अपनी छोटी बहन को साथ लेकर पहले आसनसोल पहुंची और वहां से राकेश के साथ लुधियाना चली गई.
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने बताया कि कांड संख्या 20/26 के तहत मामला दर्ज कर तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई. जांच में स्पष्ट हुआ कि यह अपहरण नहीं बल्कि प्रेम प्रसंग का मामला है. फिलहाल आरोपी युवक से पूछताछ जारी है. पुलिस ने दोनों नाबालिग बहनों को सुरक्षित मिहिजाम वापस लाकर परिजनों को सौंप दिया है. इस सफलता के बाद स्थानीय लोगों द्वारा मिहिजाम थाना प्रभारी की कार्यशैली की सराहना की जा रही है.

