सरायकेला/ Pramod Singh नगर क्षेत्र के छात्रों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. अंजनी नगर स्थित स्टीम साइंस इंटर कॉलेज में सत्र 2026- 28 के लिए कक्षा 11 में नामांकन प्रक्रिया शुरू कर दी गई है. कॉलेज प्रबंधन ने जानकारी दी है कि इस वर्ष कला, विज्ञान और वाणिज्य तीनों संकायों में नामांकन का अवसर उपलब्ध कराया गया है. इससे क्षेत्र के सैकड़ों छात्र- छात्राओं को सीधे तौर पर लाभ मिलेगा.

गौरतलब है कि क्षेत्र के काशी साहू महाविद्यालय में कक्षा 11 में नामांकन बंद होने के कारण छात्रों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. ऐसे में स्टीम साइंस इंटर कॉलेज का यह कदम बड़ी राहत के रूप में सामने आया है.
कॉलेज न केवल काशी साहू महाविद्यालय के विद्यार्थियों के समायोजन की व्यवस्था कर रहा है, बल्कि अन्य छात्रों को भी गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है.
स्टीम ग्रुप के डायरेक्टर डॉ. मनोज झा ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल नामांकन नहीं, बल्कि छात्रों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और मजबूत भविष्य प्रदान करना है. उन्होंने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में शिक्षा के विकास के लिए संस्थान लगातार प्रयासरत है. स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इससे छात्रों को बाहर भटकना नहीं पड़ेगा और उन्हें अपने ही क्षेत्र में बेहतर शिक्षा मिल सकेगी. कॉलेज प्रबंधन ने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे समय रहते नामांकन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि सीटों की उपलब्धता को लेकर किसी प्रकार की समस्या न हो.

