सरायकेला/ Pramod Singh जिले के सीनी ओपी क्षेत्र स्थित उकरी मोड़ पर शनिवार देर रात पुलिस ने अपराध नियंत्रण को लेकर सघन चेकिंग अभियान चलाया. इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया और राहगीरों में सतर्कता बढ़ गई. रात करीब 11 बजे से 12 बजे तक चले इस अभियान का नेतृत्व ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने किया. इस दौरान आने- जाने वाले सैकड़ों वाहनों की बारीकी से जांच की गई.

पुलिस द्वारा वाहन दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ संदिग्ध गतिविधियों और अवैध सामानों पर विशेष नजर रखी गई. हालांकि व्यापक जांच के बावजूद किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई.
ओपी प्रभारी विनय कुमार सिंह ने बताया कि यह अभियान पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाया गया है. उन्होंने कहा कि क्षेत्र में कानून- व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और अपराध पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी. पुलिस ने स्पष्ट किया कि आगे भी इसी तरह सघन चेकिंग अभियान चलाया जाएगा, ताकि अपराधियों में खौफ बना रहे और आम जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सके.

