राजनगर/ Rasbihari Mandal प्रखंड में करीब 18 घंटे से लगा सड़क जाम शुक्रवार दोपहर करीब तीन बजे समाप्त हो गया. प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के हस्तक्षेप के बाद प्रदर्शनकारियों ने जाम हटाने पर सहमति जताई, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका.

घटनास्थल पर एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट सत्येंद्र महतो, सरायकेला के एसडीपीओ समीर कुमार सावेया, सीओ, बीडीओ, सरायकेला और राजनगर थाना प्रभारी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे. सभी ने ग्रामीणों और मृतक के परिजनों से वार्ता कर समाधान निकालने का प्रयास किया.
इसी दौरान सांसद जोबा माझी के सहयोग से मृतक के परिजनों को तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि उपलब्ध कराई गई. आर्थिक मदद मिलने के बाद प्रदर्शनकारी जाम हटाने के लिए तैयार हो गए.
जाम समाप्त करने से पहले ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई अहम मांगें रखीं. लोगों ने इस मार्ग पर ओवरलोड और तेज रफ्तार वाहनों पर रोक लगाने की मांग की. साथ ही हर बुधवार को लगने वाले साप्ताहिक हाट के दिन भारी वाहनों के लिए नो एंट्री लागू करने की मांग उठाई गई, ताकि दुर्घटनाओं की आशंका को कम किया जा सके.
ग्रामीणों का आरोप है कि बड़े वाहन ओवरलोड होकर तेज गति से गुजरते हैं, जिससे लगातार हादसों का खतरा बना रहता है. उन्होंने ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और सख्त निगरानी की मांग की है. फिलहाल स्थिति सामान्य हो गई है, लेकिन ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार और नो एंट्री लागू नहीं किया गया, तो वे फिर से आंदोलन करने को बाध्य होंगे.

