रामगढ़: जिले के रजरप्पा थाना क्षेत्र में हुए चर्चित शिव शंकर ज्वैलर्स डकैती कांड का पुलिस ने महज 48 घंटो के भीतर सनसनीखेज खुलासा कर दिया है. इस मामले में कुल 7 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनके पास से भारी मात्रा में लूटे गए सोना- चांदी के जेवरात, हथियार और वाहन बरामद किए गए हैं.

घटना 21 अप्रैल 2026 की है, जब चितरपुर रजरप्पा मोड़ स्थित शिव शंकर ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हथियारबंद अपराधियों ने धावा बोलकर लाखों रुपये के जेवरात लूट लिए थे. मामले की गंभीरता को देखते हुए मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर एसआईटी टीम का गठन किया गया. टीम का नेतृत्व चंदन वत्स ने किया.

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्य और मानव खुफिया सूचना के आधार पर झारखंड के कई जिलों के साथ- साथ बिहार के नालंदा में ताबड़तोड़ छापेमारी की. इस दौरान नालंदा से 3 और पलामू क्षेत्र से 2 अपराधियों को दबोचा गया, जबकि अन्य आरोपियों को भी क्रमशः गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने आरोपियों के पास से 75 से अधिक सोने के आभूषण, चांदी के दर्जनों सामान, एक पिस्टल, जिंदा कारतूस, तीन मोटरसाइकिल, एक स्कूटी और एक मारुती सुजुकी एर्टिगा वाहन बरामद किया है. बरामद सामानों में अंगूठियां, लॉकेट, हार, झुमके, टॉप्स, ब्रेसलेट और धार्मिक प्रतीक वाले आभूषण शामिल हैं.
गिरफ्तार अपराधियों में सुभानी अंसारी, मनीष कुमार, रीना देवी, चन्द्रावती देवी, आनंद कुमार, अरबाज अंसारी और नसरूल्ला अंसारी उर्फ राजा शामिल हैं. इनमें से सुभानी अंसारी का आपराधिक इतिहास भी काफी लंबा रहा है और उसके खिलाफ पहले से कई संगीन मामले दर्ज हैं.
एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने बताया कि पूछताछ में अपराधियों ने कबूल किया कि बरामद जेवरात वही हैं, जिन्हें शिव शंकर ज्वैलर्स से लूटा गया था और वे इन्हें बेचने की फिराक में थे. पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
इस कार्रवाई को रामगढ़ पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है, जिसने न सिर्फ डकैती कांड का खुलासा किया, बल्कि अपराधियों के नेटवर्क को भी बेनकाब कर दिया है.

