जामताड़ा/ Manish Baranwal झारखंड संयुक्त असैनिक सेवा प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा 2025 को लेकर प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है. जिले के 12 परीक्षा केंद्रों पर रविवार को दो पालियों में परीक्षा आयोजित की जाएगी. इस परीक्षा में कुल 3624 परीक्षार्थी शामिल होंगे.

समाहरणालय स्थित एसजीएसवाई सभागार में उपायुक्त आलोक कुमार ने वरीय अधिकारियों, उड़नदस्ता दंडाधिकारियों, पर्यवेक्षक सह स्टैटिक दंडाधिकारियों और केंद्राधीक्षकों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की.
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि झारखंड लोक सेवा आयोग के दिशा- निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित किया जाए. उपायुक्त ने कहा कि परीक्षा का शांतिपूर्ण और कदाचारमुक्त संचालन केंद्राधीक्षक और स्टैटिक मजिस्ट्रेट की जिम्मेदारी है. किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. सभी केंद्रों पर प्रकाश, सीसीटीवी, जैमर और अन्य मूलभूत सुविधाओं को समय से दुरुस्त करने का निर्देश दिया गया.
उन्होंने कहा कि परीक्षार्थियों की फ्रिस्किंग कैमरे की निगरानी में होगी और परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई जाएगी. केंद्रों को निर्धारित समय से पहले खोलने और परीक्षार्थियों के बैग रखने के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित करने को भी कहा गया.
परीक्षा दो पालियों में आयोजित होगी. पहली पाली सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 3:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक चलेगी. विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिला नियंत्रण कक्ष 19 अप्रैल को सुबह 7:00 बजे से सक्रिय रहेगा, जो परीक्षा समाप्ति तक कार्यरत रहेगा. बैठक में उप विकास आयुक्त निरंजन कुमार, आईटीडीए परियोजना निदेशक जुगनू मिंज, अपर समाहर्ता पूनम कच्छप, अनुमंडल पदाधिकारी अनंत कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी विजय कुमार, सिविल सर्जन डॉ एस पी मिश्रा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.

