जमशेदपुर/ Varun Kumar दक्षिण पूर्व रेलवे के जीएम अनिल कुमार जैन ने शनिवार को चक्रधरपुर मंडल अंतर्गत राउरकेला रेलवे स्टेशन और झारसुगुड़ा रेलवे स्टेशन का निरीक्षण किया. इस दौरान उनके साथ मंडल रेल प्रबंधक तरुण हुरिया सहित अन्य वरिष्ठ रेल अधिकारी मौजूद रहे.

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसरों का विस्तृत आकलन किया और विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की. खासतौर पर अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत चल रहे कार्यों पर विशेष ध्यान दिया गया.
इसके साथ ही राउरकेला- झारसुगुड़ा खंड के बीच विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण किया गया, जिसके जरिए ट्रैक, सिग्नलिंग सिस्टम और परिचालन व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया गया. महाप्रबंधक ने कार्यों की गुणवत्ता और गति पर जोर देते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए.

उन्होंने कहा कि रेलवे की प्राथमिकता यात्रियों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराना, सुरक्षा मानकों को मजबूत करना और आधारभूत ढांचे का लगातार उन्नयन करना है. ऐसे नियमित निरीक्षण रेलवे की कार्यप्रणाली को और प्रभावी बनाने में अहम भूमिका निभाते हैं.

