सरायकेला/ Pramod Singh नगर पंचायत क्षेत्र में बिजली और पानी की बदहाल व्यवस्था ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है. गुरुवार से शुरू हुई बिजली कटौती का सिलसिला शुक्रवार को भी जारी रहा, जिससे पूरा इलाका संकट में आ गया है.

स्थिति यह है कि 10 मिनट बिजली आने के बाद दो- दो घंटे तक सप्लाई गायब हो जा रही है. भीषण गर्मी के बीच लोग बूंद- बूंद पानी और एक-एक मिनट बिजली के लिए तरस रहे हैं.
बिजली आपूर्ति ठप रहने के कारण पानी की सप्लाई भी पूरी तरह प्रभावित हो गई है. इससे आम लोगों की परेशानी दोगुनी हो गई है. घरों में पानी की किल्लत के साथ-साथ गर्मी से राहत न मिलने के कारण हालात और गंभीर हो गए हैं.
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बिजली बिल में थोड़ी भी देरी होने पर विभाग तुरंत कार्रवाई की धमकी देता है, लेकिन जब सेवा देने की बारी आती है तो विभाग पूरी तरह फेल नजर आता है.
लगातार कटौती से इनवर्टर भी जवाब दे चुके हैं. रातें अंधेरे में गुजर रही हैं और दिन में भी गर्मी से राहत नहीं मिल रही. छोटे बच्चे, बुजुर्ग और बीमार सबसे ज्यादा प्रभावित हैं.
गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही बिजली और पानी की व्यवस्था दुरुस्त नहीं की गई, तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करेंगे.
अब बड़ा सवाल यह है कि आखिर कब तक सरायकेला की जनता इस अव्यवस्था का सामना करती रहेगी और जिम्मेदार विभाग कब जागेगा.

