सरायकेला/ Pramod Singh काशी साहू महाविद्यालय में भौतिकी विभागाध्यक्ष डॉ. प्रकाश सरकार के स्थानांतरण पर भावुक माहौल देखने को मिला. उनके कोऑपरेटिव कॉलेज में तबादले के अवसर पर छात्र- छात्राओं ने उन्हें यादगार विदाई दी.

कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक तरीके से तिलक और पुष्प अर्पण के साथ हुई. इसके बाद छात्रों ने अपने प्रिय गुरु का चरणस्पर्श कर आशीर्वाद लिया. पूरे माहौल में सम्मान, प्रेम और अपनापन साफ झलक रहा था.
इस दौरान डॉ. प्रकाश सरकार ने छात्रों के साथ केक काटा और भावुक शब्दों में कहा कि आप सब मुझे बहुत याद आएंगे. मन लगाकर पढ़ाई करें, माता- पिता के सपनों को साकार करें और अपने गुरुजनों का सम्मान करें. आप सभी की सफलता ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी. उनके इन शब्दों को सुनते ही कई छात्र- छात्राओं की आंखें नम हो गईं. विद्यार्थियों ने भावुक होकर कहा कि सर, अब आपके जैसा शिक्षक नहीं मिलेगा. आप हमारे लिए शिक्षक से बढ़कर अभिभावक थे.
विदाई के इस पल में सिर्फ छात्र ही नहीं, बल्कि खुद डॉ. सरकार भी भावुक हो उठे. गुरु- शिष्य के इस अनमोल रिश्ते ने वहां मौजूद हर व्यक्ति को भावुक कर दिया. अंत में डॉ. सरकार ने फिर मिलने का वादा किया और अपनी नई जिम्मेदारी के लिए रवाना हो गए. इस मौके पर महाविद्यालय परिवार के सदस्य भी उपस्थित रहे और सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की.

