बोकारो: स्टील प्लांट में कार्य के दौरान एक दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां क्रेन से गिरने पर 37 वर्षीय मजदूर दिनेश महतो की मौत हो गई.

बताया जा रहा है कि दिनेश महतो प्लांट के आईएमएफ विभाग में कार्यरत था और क्रेन संख्या 3 पर चढ़ने के दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया. घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना के बाद सहकर्मियों ने तत्काल उसे प्लांट के मेडिकल विभाग पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए बोकारो जनरल अस्पताल रेफर किया गया. लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
मृतक मजदूर मेसर्स नीरज इंटरप्राइजेज का संविदा कर्मी बताया जा रहा है. हादसे की खबर मिलते ही मजदूर यूनियन के सदस्य अस्पताल पहुंचे और प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताई. यूनियन के लोगों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है. वहीं, इस घटना के बाद प्लांट में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.

